सतीश सैनी बने हरियाणा लोक सेवा आयोग के चेयरमैन
-राज्यपाल असीम घोष ने दिलाई शपथ
चंडीगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष ने गुरुवार को हरियाणा लोक सेवा आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष सतीश कुमार सैनी को पद की शपथ दिलाई। एचसीएस सतीश कुमार सैनी पूर्व सीएम मनोहर लाल के ओएसडी रहे हैं। वह बीजेपी सरकार के दूसरे कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ओएसडी रहे थे। इस पद पर वह जनवरी, 2020 से फरवरी 2022 तक रहे। इसके बाद वह एचजीएससी में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत रहे। हाल ही में उन्होंने वीआरएस के लिए आवेदन किया था। सरकार ने उनके आवेदन को तत्काल प्रभाव से स्वीकार करते हुए सेवामुक्त कर दिया था।
सतीश कुमार ने गुरुवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण तथा पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां की उपस्थिति में पद, निष्ठा एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन आज यहां हरियाणा लोक भवन में किया गया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह, डिपार्टमेंट ऑफ़ फ्यूचर की प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार, हरियाणा लोक सेवा आयोग के सचिव पंकज, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. ए.एस. चावला, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह, हरियाणा लोक सेवा आयोग के सदस्य सहित कई गणमान्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

