home page

बैंक घोटाले में सीबीआई ने सात जगह मारे छापे

 | 

चंडीगढ़, 15 मई (हि.स.)। आईडीएफसी फर्स्ट व एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक घोटाले की जांच के लिए सीबीआई की टीमों ने चंडीगढ़ व पंचकूला में कई जगह छापे मारे। गुरुवार शाम से शुरू हुई यह कार्रवाई देर रात तक चली। सीबीआई ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी। यह घोटाला हरियाणा के कई सरकारी विभागों से जुड़ा बताया जा रहा है, जिनमें पंचायत विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बिजली विभाग और पंचकूला नगर निगम शामिल हैं। इस मामले में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

हरियाणा सरकार ने हाल ही में बैंक घोटाले की जांच सीबीआई को सौंपी थी। इस पूरे प्रकरण में अब तक 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोप है कि आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के कुछ अधिकारियों ने हरियाणा सरकार के अलग-अलग विभागों के सरकारी कर्मचारियों के साथ मिलकर, धोखाधड़ी के ज़रिए सरकारी पैसों का गलत इस्तेमाल किया।

सीबीआई द्वारा चलाए गए ऑपरेशन के दौरान ट्राईसिटी में सात जगहों पर तलाशी ली गई, जिनमें रहने की जगहें, ज्वैलर्स के बिजऩेस की जगहें/शोरूम, सरकारी पैसों का गलत इस्तेमाल करने वाले संदिग्ध लोगों की जगहें, और जांच से जुड़ी दूसरी प्राइवेट संस्थाएं शामिल थीं। तलाशी के दौरान, कई अहम दस्तावेज़ और चीज़ें बरामद की गईं और ज़ब्त कर ली गईं। इनमें धोखाधड़ी और सरकारी पैसों के गलत इस्तेमाल से जुड़े वित्तीय रिकार्ड और डिजिटल सबूत शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा