हांसी : चानौत जल आंदोलन पर नया विवाद, अवैध टी लगाने वालों के खिलाफ मामला दर्ज
जनस्वास्थ्य विभाग ने चानौत गांव में लगाई गई टी को बताया अवैध
ग्रामीण बोले-सरकार की जानकारी और मध्यस्थता से हुआ था टी कनेक्शन
हांसी, 22 जून (हि.स.)। चानौत गांव को पेयजल आपूर्ति दिलाने के लिए भाखड़ा
नहर से शहर को आने वाली पाइपलाइन पर लगाए गए टी कनेक्शन को लेकर नया विवाद खड़ा हो
गया है। एक ओर जनस्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को पाइप लाइन में अवैध कनेक्शन किए जाने
की शिकायत दी है, वहीं दूसरी ओर टी कनेक्शन लगाने के बाद शहर को आने वाली पाइपलाइन
के बिछाने का कार्य भी शुरू हो चुका है।
धरना कमेटी के सदस्य अनूप ने जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव
त्यागी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह कार्य सरकार की जानकारी और मध्यस्थता
से हुआ था। अनूप के अनुसार सरपंच एसोसिएशन के प्रधान पूर्व सरपंच सोमेश कुमार ने सरकारी
स्तर पर मध्यस्थता कर टी लगाने की अनुमति दिलवाई थी। उन्होंने दावा किया कि शिकायत
दर्ज कराने वाले जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी टी लगाते वक्त स्वयं मौके पर मौजूद थे।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि कनेक्शन अवैध था तो मौके पर टी, जेसीबी और अन्य
संसाधन कैसे पहुंचे तथा विभाग द्वारा टी लगाते वक्त कार्य को क्यों नहीं रुकवाया गया।
टी लगाने के बाद गांव तक पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू होने से यह स्पष्ट होता है कि
कार्य केवल टी लगाने तक सीमित नहीं था, बल्कि गांव की पाइप लाइन भी विभाग द्वारा भिजवाएं
गये हैं।
कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी ने साेमवार काे कहा कि भाखड़ा नहर से हांसी शहर को आने
वाली पेयजल पाइपलाइन में चानौत गांव को पेयजल सप्लाई के लिए टी लगाने के लिए जनस्वास्थ्य
अभियांत्रिकी विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सदानंद ने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी
अभियंता संजीव त्यागी द्वारा भाखड़ा नहर से हांसी शहर की पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई
जा रही पाइप लाइन में चानौत गांव में अज्ञात लोगों द्वारा पाइप लाइन के साथ छेड़छाड़
कर सरकारी संपत्ति को नुक्सान पहुंचाकर टी लगाने की शिकायत दी गई थी। जांच के दौरान जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई
की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

