home page

जींद : हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
जींद : हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार


जींद, 26 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना सफीदों पुलिस ने गत 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद आगमन के दौरान एक युवक की हत्या करने के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। सदर थाना सफीदों प्रभारी राजेश कुमार ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव हाट निवासी रेखा ने 17 जुलाई को पुलिस को दी शिकातय में बताया था कि उसका भाई 32 वर्षीय गुरुदत्त उर्फ कल्लू भवन निर्माण सामग्री बेचने का काम करता था।

रोजाना की तरह 17 जुलाई को भी वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव का ही चक्रवर्ती अपने अन्य साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर आया और रंजिश के चलते फायररिंग शुरू कर दी। जिसमें उसका भाई घायल हो गया। आरोपित वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गुरूदत्त को तुरंत सफीदों के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया।

हालत गंभीर होने के कारण डाक्टरों ने उसे पानीपत रेफर कर दिया। पानीपत जाते वक्त गुरुदत्त ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मृतक की बहन रेखा की शिकायत पर चक्रवर्ती उर्फ चकरा को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर थाना सदर सफीदों पुलिस ने आरोपित चक्रवर्ती उर्फ चकरा व गांव सीटोंडी निवासी अंशुल उर्फ अंशु उर्फ तोता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा