जींद : आश्रम में महंत पर हमला कर लूट का मास्टरमाइंड आराेपी गिरफ्तार
जींद, 03 नवंबर (हि.स.)। गांव भाणा ब्राह्मणा स्थित आश्रम में महंत पर डंडों से हमला कर नकदी, चांदी के जेवरात और कार लूटने के मामले में सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम ने वारदात के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लूटी गई ब्रेजा कार, महंत का मोबाइल फोन और चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं। आरोपित की पहचान मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले की सुसनेर तहसील के गांव कडिय़ा निवासी राहुल के रूप में हुई है।
सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि गत 30 अक्टूबर को गांव भाणा ब्राह्मणा स्थित आश्रम में महंत राजनाथ के साथ लूट की वारदात हुई थी। कुछ दिन पहले ही एक युवक आश्रम में सेवा करने के लिए आया था। 30 अक्टूबर की सुबह जब अन्य सेवादार आश्रम से बाहर गए हुए थे तो युवक ने महंत के सिर पर डंडों से कई वार कर उन्हें बेसुध कर दिया। आरोपित ने महंत को मृत समझ कर आश्रम से नकदी, चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और ब्रेजा कार लूट ली और मौके से फरार हो गया। मामले में बाल महंत कंचन नाथ के बयान पर सदर नरवाना थाना में मामलादर्ज किया गया था।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उपासना यादव ने सीआइए नरवाना, सदर थाना पुलिस और साइबर सेल की टीमों का गठन किया था। सीआइए टीम ने आरोपित के दिल्ली और मध्यप्रदेश स्थित संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लूटी गई ब्रेजा कार लेकर नरवाना क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर सीआइए टीम ने जाल बिछा कर उसे कार सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित के कब्जे से लूटी गई कार, मोबाइल फोन और चांदी के जेवरात बरामद किए गए। पुलिस आरोपित को अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

