home page

रोहतक:कार में धमाके से घायल चालक की मौत

 | 

ब्राह्मणवास बाईपास के पास हुआ हादसा, राहगीरों ने घायल कराया पीजीआई में भर्ती

रोहतक, 16 अगस्त (हि.स.)। गांव ब्राह्मणवास बाईपास के पास कार का टायर फटने से हुए हादसे में कार चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इस बारे में जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार गांव मोई हुड्डा निवासी हरिओम अपनी कार में सवार होकर रोहतक से घर जा रहा था। जब कार गांव ब्राह्मणवास बाईपास के पास पहंुची तो अचानक कार का टायर फट गया और कार में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को बाहर निकाला। वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। राहगीरों ने उसे उपचार के लिए पीजीआईएमएस रोहतक में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि, गंभीर हालत के चलते उपचार के दौरान हरिओम ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने रविवार शाम को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन पीजीआई पहुंचे, जहां हरिओम की मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम छा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा कार का टायर फटने के कारण हुआ। टायर फटने के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार हादसे का शिकार हो गई। इसके बाद कार में आग लग गई। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

-----------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल