home page

हिसार में रोडवेज बस व कार की टक्कर में कार चालक की मौत

 | 
हिसार में रोडवेज बस व कार की टक्कर में कार चालक की मौत


आदमपुर क्षेत्र में चुली कलां दड़ौली रोड पर

हुआ हादसा

हिसार, 30 मई (हि.स.)। जिले के आदमपुर क्षेत्र

में हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा चुली कलां दड़ौली रोड पर रोडवेज

की मिनी बस व कार की टक्कर से हुआ, जिसमें कार चालक की मौत हो गई।

चुली कलां दड़ौली रोड पर शनिवार को हुए हादसे

की सूचना मिलने पर आदमपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिले

के नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस जांच में मृतक की पहचान फतेहाबाद जिले के भट्टू

क्षेत्र स्थित गांव गदली निवासी 40 वर्षीय दीनदयाल के रूप में हुई है। दीनदयाल खेती-बाड़ी

करता था। बताया जा रहा है कि वह किसी निजी कार्य से अपने गांव से मंडी आदमपुर जा रहा

था। चुली कलां के पास उसकी कार की सामने से आ रही रोडवेज बस से जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयंकर

थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक दीनदयाल अंदर फंस गया,

जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। दुर्घटना में बस में सवार एक-दो यात्रियों को

मामूली चोटें आईं। बताया जा रहा है कि रोडवेज बस आदमपुर से फतेहाबाद की ओर जा रही थी।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

दीनदयाल की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़

टूट पड़ा है। उनकी पत्नी का लगभग पांच साल पहले निधन हो चुका था। परिवार में उनकी वृद्ध

माता, एक बेटा और एक बेटी हैं। वह अपने दोनों बच्चों और मां के साथ गांव में रहते थे।

पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर