home page

पानीपत: नगर निगम का सफाई कर्मी नहर में डूबा,नहीं मिला सुराग

 | 
पानीपत: नगर निगम का सफाई कर्मी नहर में डूबा,नहीं मिला सुराग


पानीपत, 22 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत नगर निगम का एक सफाई कर्मचारी संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूब गया। डूबने वाले कर्मचारी की पहचान राजीव कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही गोताखोरों की टीमें संदीप की तलाश में जुटी हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

संदीप की बुआ के लड़के रंजीत ने बताया कि मंगलवार को संदीप निगम कर्मचारियों की हड़ताल में यह कहकर निकला था कि वह घर जा रहा है। लेकिन घर जाने के बजाय वह अपने दो साथियों के साथ दिल्ली पैरलल नहर पर चला गया। आरोप है कि तीनों ने वहां बैठकर शराब पी और काफी देर तक नहर किनारे ही खड़े रहे। नहर किनारे लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में यह पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि संदीप संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में गिर गया या कूद गया। चौंकाने वाली बात यह है कि उसके कूदने के तुरंत बाद उसका एक साथी भी नहर में कूदता दिखाई दे रहा है। हालांकि, काफी कोशिशों के बाद भी संदीप को पानी से बाहर नहीं निकाला जा सका।

इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों ने बताया कि दो मई को उसकी मंझली बेटी की शादी है। घर में शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं और संदीप तैयारियों में जुटा था, लेकिन इस अनहोनी घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। संदीप के दोस्तों ने घटना के काफी देर बाद परिवार को मामले की जानकारी दी। तब से परिजन और गोताखोर नहर के बहाव में संदीप को ढूंढ रहे हैं। परिवार ने पुलिस से इस मामले की गहनता से जांच करने और साथ गए दोस्तों से पूछताछ करने की मांग की है। थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी विनोद ने बताया कि संदीप को नहर में खोजने के लिए गोताखोरों की कई टीम लगा रखी है। उन्होंने बताया कि संदीप ने नशे की हालत में नहर में छलांग लगाई, जो कि सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर नजर आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा