कनाडा हादसे में मारे गए युवक का पार्थिव शरीर 12 मार्च को पहुंचेगा यमुनानगर
यमुनानगर, 09 मार्च (हि.स.)। कनाडा में हुए सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले यमुनानगर के 24 वर्षीय युवक उधमप्रीत सिंह का पार्थिव शरीर 12 मार्च को भारत लाया जाएगा। परिजन अंतिम संस्कार के लिए उसके पार्थिव शरीर के आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और घर में शोक का माहौल बना हुआ है। मृतक के पिता गुरविंदर सिंह ने बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद 12 मार्च को पार्थिव शरीर भारत भेजा जाएगा। इसके बाद पारिवारिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा।
रविवार देर शाम हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व प्रधान तथा गुरुद्वारा थड़ा साहिब जोड़िया के महंत कर्मजीत सिंह शोक व्यक्त करने के लिए परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने यह भी कहा कि पार्थिव शरीर के भारत पहुंचने पर एयरपोर्ट पर होने वाली आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराने में भी सहयोग किया जाएगा। उधमप्रीत सिंह वर्ष 2021 में स्टडी वीजा पर कनाडा गया था और वहां पढ़ाई के साथ काम भी कर रहा था।
परिवार के अनुसार, उसके पिता गुरविंदर सिंह शहर में फोटोग्राफी से जुड़ा व्यवसाय करते हैं। बेटे की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के लिए उन्होंने जमीन बेचकर तथा कर्ज लेकर उसे विदेश भेजा था। जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी को उधमप्रीत अपने एक मित्र के साथ कार से टोरंटो घूमने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी कार की भीषण टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उधमप्रीत सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
परिवार ने बताया कि वह दिसंबर 2025 में माता-पिता की शादी की सालगिरह के अवसर पर भारत आया था और कुछ समय परिवार के साथ बिताने के बाद वापस कनाडा लौट गया था। अब परिजन और रिश्तेदार 12 मार्च को उसके पार्थिव शरीर के भारत पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

