home page

जींद : स्कूल बसों में मिली खामियां तो किया इंपाउंड

 | 
जींद : स्कूल बसों में मिली खामियां तो किया इंपाउंड


जींद, 20 अगस्त (हि.स.)। जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय की टीम द्वारा गुरूवार को को सफीदों व पिल्लूखेड़ा क्षेत्र में स्कूली बसों की जांच का अभियान चलाया गया। इस दौरान पांच स्कूलों में 18 बसों की जांच की गई। इस दौरान फिटनेस सर्टिफिकेट, पाल्यूशन सर्टिफिकेट सहित अन्य खामियां पाए जाने पर तीन बसों को इम्पाउंड किया गया और कुल दो लाख 58 हजार रुपये का चालान किया गया। जबकि पिछले सप्ताह जुलाना क्षेत्र में स्कूली बसों की जांच का अभियान चलाया गया था। उस दौरान तीन स्कूलों में सात बसों की जांच की गई थी और सभी बसों में मानक पूरा होने पर कोई चालान नहीं हुआ था।

गौरतलब है कि सप्ताह में हर वीरवार को जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय टीम स्कूली बसों की जांच को लेकर अभियान चलाती है। जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। जिसमें जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय से इंस्पेक्टर, एमवीआई, ट्रैफिक पुलिस से सब इंस्पेक्टर व जिला शिक्षा अधिकारी से एक प्रतिनिधि को शामिल किया जाता है। जांच के दौरान बसों में सुरक्षा मानकों की जांच की जाती है। जिले में 350 से ज्यादा निजी स्कूल हैं। इसमें एक लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय के निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि स्कूली बसों की जांच के लिए हर वीरवार को अभियान चलाया जाता है। जांच के दौरान जो-जो कमियां पाई जाती हैंए उस आधार पर बसों का चालान किया जाता है। इस सप्ताह पांच स्कूलों में 18 बसों की जांच की गई है। तीन बसों को इंपाउंड किया गया। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य स्कूली बसों की जांच कर विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित परिवहन सुविधा मुहैया करवाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा