हिसार : टिफिन बैठकों में डॉ. कमल गुप्ता ने किया संगठन व एसआईआर अभियान को धार देने का आह्वान
बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर, 17 सितंबर
से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प उत्सव में जुटने की अपील
हिसार, 24 अगस्त (हि.स.)। हिसार विधानसभा क्षेत्र
के छत्रपति शिवाजी और लाला लाजपत राय शक्ति केंद्रों की टिफिन बैठकें आयोजित की गईं।
इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर पर
और मजबूत करने तथा एसआईआर अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा करने का आह्वान किया।
बैठकों में शक्ति केंद्र प्रमुख एवं सह-प्रमुख,
बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, बीएलए-2 सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। डॉ. कमल गुप्ता ने
साेमवार काे कहा कि टिफिन बैठक केवल सामूहिक भोजन तक सीमित कार्यक्रम नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं
के बीच आत्मीयता, आपसी विश्वास और संगठन के प्रति समर्पण को मजबूत करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता और
मेहनत से ही बनी है। उन्होंने एसआईआर अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ
पर विशेष सक्रियता दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि फॉर्म-छह, सात और आठ भरवाने के कार्य
को प्राथमिकता दी जाए, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़ सकें और आवश्यक
संशोधन समय पर करवाए जा सकें।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन एवं सुशासन के 25 वर्ष पूरे
होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प उत्सव’ मनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, संगठन और जनसंपर्क से जुड़े
कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

