हिसार : पार्क पर लगा ताला तो जेसीबी लेकर उपायुक्त आवास पर पहुंचे शहर वासी
जनता के चबूतरे टूट रहे हैं, अफसरों के कब्जे
क्यों नहीं हट रहे?
हिसार, 28 मई (हि.स.)। सामाजिक संस्था मदद के
अध्यक्ष संजीव भोजराज जेसीबी के साथ उपायुक्त आवास पहुंचे और प्रशासन पर गंभीर आरोप
लगाए। उन्होंने कहा कि उपायुक्त आवास के साथ स्थित करीब 36 हजार गज का सार्वजनिक पार्क
पिछले लगभग 10 वर्षों से आम जनता के लिए बंद कर रखा है और इस पर प्रशासन ने कब्जा किया
हुआ है।
संजीव भोजराज ने गुरुवार काे कहा कि यह पार्क जनता की संपत्ति
है, लेकिन यहां ताला लगाकर आम लोगों की एंट्री बंद कर दी गई है, जबकि जिला उपायुक्त
इस पार्क का निजी उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 10 साल पहले सिर्फ
दो महीने के लिए यह पार्क खोला गया था, उसके बाद से इसे दोबारा बंद कर दिया गया। उन्होंने
कहा कि एक तरफ प्रशासन आम लोगों द्वारा घरों के बाहर बनाए गए छोटे-छोटे चबूतरों को
जेसीबी चलाकर तोड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकारी अधिकारी खुद हजारों गज जमीन पर कब्जा
किए बैठे हैं। आखिर प्रशासन की कार्रवाई सिर्फ गरीब और आम जनता पर ही क्यों होती है?
संजीव भोजराज ने सवाल उठाया कि जब उच्च न्यायालय
ने अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए हैं, तो क्या ये आदेश केवल आम जनता के लिए हैं? सरकारी
अधिकारियों को सार्वजनिक जमीन पर कब्जा करने की खुली छूट किसने दी? संजीव भोजराज ने
मांग की कि उपायुक्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और तुरंत इस पार्क का ताला खोलकर
इसे आम जनता के लिए चालू करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द
कार्रवाई नहीं की, तो हिसार की जनता के साथ मिलकर वे स्वयं यह ताला खोलने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि हिसार की जनता के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सार्वजनिक
संपत्तियों पर कब्जा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

