home page

सिरसा में व्यापारी से पांच लाख रुपये की लूट

 | 

सिरसा, 17 नवंबर (हि.स.)। जिले में मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने एक व्यापारी से मंगलवार को पांच लाख रुपये लूट लिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। दिन-दोपहर हुई लूट की इस घटना से सिरसा के व्यापारियों में भय का माहौल है। हरिओम बीज भंडार का मालिक जगदीश बैंक ऑफ इंडिया से पांच लाख रुपये की नकदी निकलवाकर मंगलवार बाद दोपहर अपने घर की तरफ जा रहा था। शहर के जगदेव सिंह चौक के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया और पांच लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में वारदात के बाद आरोपी युवक भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

शहर थाना प्रभारी रमित ने बताया कि पुलिस बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने व्यापारी जगदीश की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma