हांसी में सेल्फी लेते समय 50 फीट गहरी खाई में गिरी बीएससी छात्रा
किले पर जुटी रही भीड़, घायल छात्रा को उठाने कोई आगे नहीं आया
पतंग उड़ा रहे बच्चों ने दिखाई संवेदनशीलता, होमगार्ड ने खाई से निकाल अस्पताल
पहुंचाया
हांसी, 09 सितंबर (हि.स.)। ऐतिहासिक पृथ्वीराज चौहान किले पर बुधवार शाम एक
दर्दनाक हादसा हो गया। किले पर सेल्फी ले रही 20 वर्षीय बीएससी छात्रा अचानक करीब
50 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
छात्रा के गिरते ही उसकी चीखें सुनकर किले पर पतंग उड़ा
रहे बच्चों ने शोर मचाकर लोगों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर करीब
सौ लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन घायल छात्रा को खाई से निकालने के लिए कोई आगे नहीं
आया।
घायल छात्रा की पहचान गांव सोरखी निवासी अंजलि के रूप में हुई है। अंजलि हिसार
के गवर्नमेंट कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। हादसे में उसके गले, बाजू
और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हांसी के सामान्य अस्पताल में प्राथमिक
उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हिसार रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार अंजलि बुधवार शाम करीब पांच बजे पृथ्वीराज चौहान किले पर
पहुंची थी। किले के ऊपर कुछ बच्चे पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने छात्रा को
आमटी तालाब की ओर स्थित गहरी ढलान में गिरते हुए देखा। बच्चों ने छात्रा के चिल्लाने
की आवाज भी सुनी। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन घायल छात्रा खाई
में तड़पती रही। होमगार्ड राजेश के अनुसार मौके पर करीब सौ लोग मौजूद थे। लोगों से
छात्रा की मदद करने के लिए कहा गया, लेकिन कई लोग आगे नहीं आए। आरोप है कि कुछ लोग
घटनास्थल पर वीडियो बनाने में लगे रहे। इसके बाद बच्चों ने किसी तरह किला बाजार पुलिस
चौकी पहुंचकर वहां मौजूद होमगार्ड राजेश को हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलते ही राजेश अपने अन्य होमगार्ड साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। उसने
देखा कि छात्रा करीब 50 फीट नीचे खाई में घायल अवस्था में पड़ी थी। राजेश ने बिना देर
किए उसे खाई से बाहर निकाला और गोद में उठाकर अस्पताल की ओर दौड़ पड़ा। उसकी तत्परता
के चलते छात्रा को समय पर उपचार मिल सका।
हांसी के सामान्य अस्पताल में मौजूद सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि
किले के गार्ड के अनुसार छात्रा अकेली ही किले पर आई थी। उसका बैग और चुन्नी किले के
ऊपर मिले हैं। पुलिस ने हादसे की सूचना गांव सोरखी के सरपंच के माध्यम से छात्रा के
परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए।
अंजलि के पिता सतबीर कबाड़ी
का काम करते हैं, जबकि उसका छोटा भाई हांसी के राजकीय महाविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई
कर रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास
कर रही है कि अंजलि किले पर किस उद्देश्य से पहुंची थी और वह किन परिस्थितियों में
गहरी खाई में गिरी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

