home page

पानीपत: पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते पशु चिकित्सक रंगे हाथों गिरफ्तार

 | 
पानीपत: पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते पशु चिकित्सक रंगे हाथों गिरफ्तार


पानीपत, 02 जून (हि.स.)। जिला के गांव बड़ौली स्थित पशु अस्पताल में तैनात एक पशु चिकित्सक को मंगलवार काे एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी डॉक्टर पर पशुपालक से पशुओं का ऋण दिलाने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। टीम ने योजना के के मुताबिक पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी थी कि बड़ौली गांव के पशु अस्पताल में तैनात पशु चिकित्सक पशुओं का ऋण पास कराने के एवज में सात हजार 500 रुपए की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर योजना को अमली जामा पहनाया। एंटी करप्शन टीम ने शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ भेजा। जैसे ही आरोपी चिकित्सक ने पांच हजार रुपए की रिश्वत ली, टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। पशु अस्पताल परिसर में एसीबी की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। अचानक पहुंची टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया तो मौके पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ देर तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

इंस्पेक्टर हेमराज ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तारी के बाद आरोपी डाक्टर से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, एसीबी की टीम आरोपी के कार्यकाल और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं उसने पहले भी इसी तरह लोन या अन्य कार्यों के नाम पर लोगों से अवैध वसूली तो नहीं की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा