जींद : सीएम फ्लाइंग ने दो प्लांटों पर मारा छापा, 2205 किलो देशी घी को किया सीज
जींद, 30 अक्टूबर (हि.स.)। सीएम फ्लाइंग व खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने हरियाणा के जींद के नरवाना में दो देशी घी प्लांटों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान देशी घी के संदिग्ध मिलने पर 2205 लीटर घी सीज कर दिया। दोनों प्लांटों से आठ सैंपल टीम द्वारा भरे गए हैं। जिन्हें जांच के लिए लैबोरेटरी भेजा गया है।
सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि नरवाना एचआईडीसी दो प्लाट नंबर 111 तथा 177 में देशी घी के प्लांट चल रहे हैं। जिसमे विभिन्न ब्रांडों के देशी घी तैयार किए जा रहे हंै। जिस पर सीएम फ्लाइंग के सब इंस्पेक्टर सतपाल के नेतृत्व में छापामार टीम का गठन किया गया। जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी डा. अमनप्रकाश भी छापामार कार्रवाई में शामिल हुए। प्लांटों का संचालन गांव चौसाला कैथल निवासी संजीव द्वारा उसकी पत्नी सीमा के नाम से पाया गया।
प्लांट 111 मे भावनादीप 250 किलोग्राम, एसबी मधु फ्रेस वनस्पति 915 किलोग्राम, हरियाणा प्योर 694 किलोग्राम व लूज वनस्पति 390 किलोग्राम पाया गया। जिनके चार सैंपलों टीम द्वारा भरे गए। इसके बाद दूसरे प्लांट पर दस्तक दी गई। जिसमें देशी घी मां अंजनी घी 945 किलो, अरविंद घी 345 किलो, लूज घी 915 किलो, क्रीम 200 किलोग्राम पाई गई। यानि कुल 2205 किलोग्राम देशी घी संदिग्ध पाया गया। जिसे छापामार टीम ने सीज कर दिया। जिला एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. अमनप्रकाश ने बताया कि दोनों प्लांटों से आठ सैंपल घी के भरे गए हैं। 2205 लीटर देशी को सीज किया गया है। सैंपलों को जांच के लिए लैबोरेटरी भेजा गया है। आगामी कार्यवाही सैंपल रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

