home page

राेहतक: खरावड़ रेलवे स्टेशन के पास तालाब में मिला युवक का शव

 | 

शव की नहीं हो सकी शिनाख्त, आसपास के थानों को पुलिस ने भेजी सूचना

रोहतक, 15 सितंबर (हि.स.)। खरावड़ रेलवे स्टेशन के पास बने तालाब में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। युवक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत तालाब में डूबने से हुई, उसने आत्महत्या की या फिर हत्या के बाद शव यहां फेंका गया।

जानकारी के अनुसार खरावड़ रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित तालाब में लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल की। फिलहाल मृतक की पहचान से संबंधित कोई जानकारी सामने नहीं आई है। जांच अधिकारी निक्कू ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए आसपास के पुलिस थानों को भी सूचना दे दी गई है, ताकि हाल में दर्ज गुमशुदगी के मामलों के आधार पर मृतक की पहचान कराई जा सके।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारण को लेकर अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस हत्या, आत्महत्या और हादसे समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले में पुलिस के सामने सबसे पहले मृतक की पहचान करने की चुनौती है। शिनाख्त होने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि युवक कहां का रहने वाला था, वह खरावड़ रेलवे स्टेशन के पास कैसे पहुंचा और आखिरी बार उसे किसके साथ या कहां देखा गया था। पुलिस आसपास के थानों से भी गुमशुदा युवकों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की शिनाख्त के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल