home page

पानीपत: खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत , दो घायल

 | 
पानीपत: खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत , दो घायल


पानीपत, 29 मई (हि.स.)। पानीपत की विद्यानंद कॉलोनी में गुरुवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि तीसरे युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विद्यानंद कॉलोनी निवासी जुनैद के रूप में हुई है।

हमले में घायल तीनों युवकों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जुनैद को मृत घोषित कर दिया, जबकि महताब व सईद की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। तीनों युवक एक ही परिवार से हैं। जानकारी के अनुसार, विद्यानंद कॉलोनी में रहने वाले दो पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था।

गुरुवार की रात को इसी पुरानी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में उनके बीच तीखी कहासुनी और गाली-गलौज हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों के साथ-साथ तेजधार चाकू निकल आए। झगड़े के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।

इस हमले में जुनैद, मेहताब और सईद को छाती और पेट में गहरे चाकू लगे, जिससे तीनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पड़ोसियों ने तुरंत खून से लथपथ तीनों युवकों को पानीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जुनैद को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल मेहताब और सईद आईसीयू में जिंदगी ओर मौत के बीच जूझ रहे हैं। वारदात की सूचना मिलते ही चांदनी बाग थाना पुलिस और आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ पहले अस्पताल और फिर घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। और शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। थाना चांदनी बाग प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी सुनील के अलावा तीन अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा