home page

जींद : मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य कर्मियों ने चलाया अभियान

 | 
जींद : मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य कर्मियों ने चलाया अभियान


जींद, 05 जून (हि.स.)। गर्मी व बरसात के मौसम मे होने वाली डायरिया, हैजा व पीलिया जैसी बीमारियों एवं मच्छरजनित रोगों से निजात पाने के लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों ने शुक्रवार को शहर के हनुमान नगर, देवीलाल नगर, अपराही मोहल्ला, कानूनगो मोहल्ला, दुर्गा कालोनी, टपरीवास कालोनी, शीतलपुरी कालोनी, शिवपुरी कालोनी सहित दर्जनभर कालोनियों में घर-घर जाकर लोगों को इन बीमारियों से बचाने के प्रति जागरूक करने का कार्य किया।

इस दौरान अनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत महिलाओं व बच्चों के साथ-साथ बुजुर्गों के खून की मात्रा एवं मधुमेह जैसी बीमारियों की जांच भी की गई और 22 बुखार से पीडि़त लोगों की जांच के लिए रक्त के नमूने भी लिए। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मच्छरजनित रोगों के अलावा गर्मी के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव की जानकारी देने के अलावा दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव हेतु पानी साफ करने वाली गोलियां, ओआरएस भी वितरित किए और पीने के पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाए।

स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने घर-घर जाकर लोगों को बताया कि प्रत्येक व्यक्ति यदि थोड़ी सी सावधानी करके अपने घर तथा आसपास की सफाई करते हुए गड्ढों, खाली पड़े टायरों व गमलों आदि में गंदा पानी खड़ा न होने दे, पानी के बर्तनों को ढक कर रखे, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करे, सप्ताह में एक बार कूलर, फूलदान, पशु व पक्षियों के पानी के बर्तनों तथा हौदी को सुखा कर ही भरे तो डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया के अलावा डायरिया, हैजा व पीलिया जैसी भयानक बीमारी से लोगों को बचाया जा सकता है। जिला स्वास्थ्य निरिक्षक राममेहर वर्मा ने बताया कि जिस तरह पिछले सालों में डेंगू के डंक ने लोगों को सताया था, उससे सावधान रहते हुए सभी लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा