home page

यमुनानगर:महिला ने पति के मित्र पर लगाए यौन शोषण के आरोप, मामला दर्ज

 | 

यमुनानगर, 11 जून (हि.स.) यमुनानगर में एक महिला ने अपने पति के मित्र पर यौन शोषण करने तथा वीडियो बनाकर धमकाने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में महिला ने बताया कि आरोपी विकास कंबोज का उनके परिवार में नियमित आना-जाना था और वह उसके पति का करीबी परिचित था। महिला के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पूर्व आरोपी उसके घर आया था। उस समय वह घर पर अकेली थी। महिला का आरोप है कि आरोपी द्वारा दिए गए पेय पदार्थ के सेवन के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह सामान्य स्थिति में नहीं रही। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की तथा उसकी आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर ली।

पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद जब उसने विरोध दर्ज कराया तो आरोपी ने वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए विवश किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार वीडियो का भय दिखाकर उस पर दबाव बनाता रहा और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। महिला ने बताया कि लगातार बढ़ते तनाव और दबाव के चलते उसने पूरी घटना अपने पति को बताई। इसके बाद पारिवारिक संबंधों में गंभीर तनाव उत्पन्न हो गया। पीड़िता ने आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार