home page

पार्टी के नये नेतृत्व से नई ऊर्जा, नया संकल्प और मिलेगी नई दिशा:नायब सैनी

 | 
पार्टी के नये नेतृत्व से नई ऊर्जा, नया संकल्प और मिलेगी नई दिशा:नायब सैनी


-अर्चना गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालाचंडीगढ़, 03 जून (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष संगठन का चेहरा और कार्यकर्ताओं की आशाओं का केंद्र होता है। वह संगठन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु होता है और पार्टी की विचारधारा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम होता है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को पंचकूला में नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने नव-नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी ऐसे ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन रहे हैैं। जब भारतीय जनता पार्टी हरियाणा को एक नया नेतृत्व, नई ऊर्जा, नया संकल्प और नई दिशा प्राप्त हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफल प्रदेशाध्यक्ष केवल संगठन का विस्तार नहीं करता, बल्कि कार्यकर्ताओं के मन को जोड़ता है। वह हर बूथ कार्यकर्ता के योगदान को सम्मान देता है। वह समाज के प्रत्येक वर्ग तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करता है।

नई प्रदेशाध्यक्ष इसी भावना के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी और उनके नेतृत्व में भाजपा संगठन हरियाणा के हर गांव, वार्ड, बूथ और समाज के प्रत्येक वर्ग तक और अधिक मजबूती के साथ पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त होगा। महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी। समाज के प्रत्येक वर्ग से संवाद और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी की जनसेवा की परंपरा और अधिक व्यापक रूप से आगे बढ़ेगी।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पार्टी के लिए कार्यकर्ता होना ही गर्व है। बूथ से लेकर सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी होती है कि वेे संगठन को आगे बढ़ाते रहें। वे कार्यकर्ताओं की आकांक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। समारोह में हरियाणा प्रभारी डा. सतीश पूनिया, केन्द्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह, सहप्रभारी सुरेन्द्र नागर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, निवर्तमान अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी समेत कई नेताओं ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा