पानीपत: नितिन नवीन के कार्य अनुभव का भाजपा को मिलेगा बड़ा लाभ: दुष्यंत भट्ट
पानीपत, 21 जनवरी (हि.स.)। भाजपा जिला कार्यालय श्याम कमल परिसर में भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्वाचित होने की खुशी में बुधवार काे लड्डू बांटे गए। इस अवसर पर माैजूद रहे शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि नितिन नवीन का इस पद पर निर्वाचित होना युवाओं को सम्मानित करने जैसा है | इससे निश्चित तौर पर युवा कार्यकर्ताओं के मन में नई उमंग और जोश का संचार होगा |
उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष पद पर एक युवा को जिम्मेदारी मिलना एक परिवर्तन का संदेश भी देता है | उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, अन्त्योदय, सुशासन और पूरी पारदर्शिता के साथ समाज के गरीब वर्गों का उत्थान करना भाजपा का मूल उद्देश्य है |
शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि नितिन नबीन की नियुक्ति पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कहना कि पार्टी मामलों में अब नबीन ही मेरे बॉस होंगे, यह दर्शाता है कि पार्टी में अध्यक्ष पद का कितना महत्त्व है| इससे भी बड़ी बात यह है कि नितिन नबीन 45 वर्ष के हैं जो आज तक के भाजपा के सबसे युवा पार्टी अध्यक्ष हैं | इस नियुक्ति से निश्चित ही देश के युवा वर्ग में विशेष ख़ुशी की झलक स्पष्ट नजर आती है |
जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक चुनाव के निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने जब नतीजों की घोषणा की तो सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था | उन्होंने कहा कि भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नवीन बिहार से पांच बार विधायक रह चुके हैं और गत 14 दिसंबर को ही भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त हुए थे | इनकी नियुक्ति से युवा ऊर्जा और भरपूर अनुभव का लाभ भाजपा को मिलेगा | इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष नवीन भाटिया, मोर्चा अध्यक्ष आरडी कल्याण, रोशन लाल माहला, नेहा शर्मा, अनीता चावला, भावना जैन, ओम दत्त आर्य, संजय त्यागी, धर्मपाल जागलान और सभी मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

