home page

भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में बनी नगर निकाय चुनाव की रणनीति

 | 
भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में बनी नगर निकाय चुनाव की रणनीति


चंडीगढ़, 14 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी रणनीति तैयार कर ली है। मंगलवार को पंचकूला मुख्यालय में आयोजित कोर ग्रुप की बैठक में चुनाव के संबंध में कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव ओम प्रकाश धनखड़, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ. सुधा यादव, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, डॉ. कमल गुप्ता, कैप्टन अभिमन्यु, संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा सहित कोर ग्रुप समिति के अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।करीब दो घंटे तक चली कोर ग्रुप की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य सरकार के कार्यों पर जानकारी दी, वहीं प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने बैठक में संगठनात्मक विषयों को रखा। प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया ताकि पार्टी और सरकार की नीतियां और अधिक प्रभावी तरीके से जन-जन तक पहुंच सकें। राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने भी आगामी चुनावी रणनीतियों और कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की।बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर महिला मोर्चा इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएगा। इसके समर्थन में पंचायतों, नगर पालिकाओं, नगर निगमों से रेजुलेशन तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के लिए प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली कमेटी गठित करेंगे जिससे आगे की रणनीति पर गति से काम होगा।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव के लिए पार्टी ने मंत्री और पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई हुई है। इसके अलावा जहां-जहां उप चुनाव हैं वहां पर तीन सदस्यीय कमेटी का पहले ही गठन हो चुका है।बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव के लिए पांच सदस्यीय कमेटी जहां-जहां चुनाव होने हैं वहां पर 15 और 16 अप्रैल को रायशुमारी कर रिपोर्ट तैयार करेगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से फार्म भी लिए जाएंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता चुनाव क्षेत्र में वहां के विधायकों, मंत्रियों से भी अलग से चर्चा करेंगे। 17 अप्रैल से 19 अप्रैल तक चुनाव वाले क्षेत्र के हर वार्ड में कार्यकर्ताओं की बैठकें होंगी।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 20 अप्रैल को चुनाव समिति की बैठक होगी, जिसमें उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और जनता भी कांग्रेस पर विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की जीत तय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा