home page

भाजपा ने तीनों नगर निगमों में उतारे मेयर पद के प्रत्याशी

 | 

-पंचकूला में शामलाल बंसल तो सोनीपत में राजीव जैन होंगे उम्मीदवार

-अंबाला निगम में अक्षिता सैनी को उतारा

चंडीगढ़, 22 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने तीनों नगर निगमों में प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी सुरेंद्र पूनिया की तरफ से बुधवार को जारी की गई सूची के अनुसार पंचकूला नगर निगम में पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं में शामिल शामलाल बंसल को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, सोनीपत नगर निगम के मौजूदा मेयर राजीव जैन पर ही फिर से दाव लगाया गया है। बीसी-बी की महिला के लिए आरक्षित अंबाला नगर निगम में मेयर की सीट के लिए भाजपा ने अक्षिता सैनी को टिकट दिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से विचार-विमर्श करके प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने तीनों नामों की घोषणा की है। इस संदर्भ में हरियाणा भाजपा कोर ग्रुप की बैठकों में भी कई बार मंथन किया गया। प्रत्याशियों के चयन में इस बार कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया है। कांग्रेस ने महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुधा भारद्वाज को पंचकूला से उम्मीदवार बनाया हुआ है। वहीं सोनीपत में पूर्व विधायक के देवराज दीवान के बेटे कमल दीवान तथा अंबाला में कुलविंद्र कौर को टिकट दिया हुआ है। सुधा भारद्वाज के पति संजीव भारद्वाज हरियाणा कांग्रेस के मीडिया प्रमुख हैं। वहीं कमल दीवान सोनीपत में कांग्रेस के जिला प्रधान भी हैं।

दोनों ही प्रमुख दलों के उम्मीदवार तीनों निगमों में आने के बाद अब चुनाव रफ्तार पकड़ेगा। सोनीपत व पंचकूला नगर निगम सामान्य वर्ग के लिए थे। भाजपा ने इस बार दोनों निगमों में वैश्य कार्ड खेला है। हालांकि पंचकूला नगर निगम के निवर्तमान मेयर कुलभूषण गोयल भी वैश्य समाज से ही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा