home page

भाजपा ने पूर्व सीएम हुड्डा के गढ़ में लगाई सेंध, सांपला में खिला कमल, प्रवीन कोच बने चेयरमैन

 | 

4391 मतों से भाजपा उम्मीदवार चेयरमैन ने की जीत दर्ज

16 वार्डो में से 7 भाजपा के 9 निर्दलीय बने पार्षद

रोहतक, 13 मई (हि.स.)। भाजपा ने पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के गढ़ में सेंध लगाते हुए सांपला में कमल खिला दिया है। भाजपा के उम्मीदवार प्रवीन कोच ने अपने निर्दलीय उम्मीदवारों को पराजित कर 4391 मतों से जीत हासिल की है। सांपला नगर पालिका चुनाव में 16 वार्डो में से 7 भाजपा के और 9 निर्दलीय पार्षद बने है। हालांकि वार्ड नंबर तीन से भाजपा समर्थित पार्षद पहले ही र्निविरोध चुना जा चुका था। दस मई को सांपला नगर पालिका के चेयरमैन व पार्षदों के लिए चुनाव हुए थे। बुधवार सुबह आठ बजे सांपला स्थित तहसील कार्यालय के सरल केन्द्र हाल में वोटों की गिनती शुरू हुई।

जिला प्रशासन द्वारा मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। भाजपा के उम्मीदवार प्रवीन कोच 4391 मत प्राप्त कर चेयरमैन बनने में कामयाब हुए, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार अंकित को 3704, अनिल कुमार को 1081, सुधीर ओहल्याण को 1984, मंजीत को 222, राकेश कुमार को 335, रामनिवास को 41, विकास को 482, सुशील को 17 व अंकित को 80 वोट मिले है। साथ ही सांपला के 16 वार्डो में से सात वार्डो में भाजपा के उम्मीदवार पार्षद बने है, जिनमें वार्ड नंबर छह से विकास, वार्ड नौ से अजीत, वार्ड 10 से मिनाक्षी, वार्ड 11 से रविका, वार्ड 12 से मनीष, वार्ड 16 से अश्वनी व वार्ड नंबर तीन से पहले ही र्निविरोध पार्षद चुना जा चुका था।

वहीं निर्दलीय पार्षदों में जीत हासिल करने वालों में वार्ड 13 से आरती, वार्ड 14 से सुषमा, वार्ड 15 से सोनिया, वार्ड आठ से सुमित, वार्ड से पिंकी, वार्ड पांच से सुनील, वार्ड चार से अनीष, वार्ड दो से सुमित व वार्ड नंबर एक से मोहन लाल शामिल है। सांपला नगर पालिका का चुनाव भाजपा ने पार्टी सिब्बल पर लड़ा है, जबकि पूर्व सीएम हुड्डा ने भाजपा को हराने वाले मजबूत निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान करने की अपील की थी।

सांपला नगर पालिका चेयरमैन की कुर्सी की दौड़ में दस उम्मीदवार अपना भागय अजमा रहे थे, जबकि 16 वार्डो के लिए 44 उम्मीदवार पार्षदों की रेस में शामिल थे। चुनाव में 15625 में से 12371 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था। सांपला नगर पालिका का चुनाव भाजपा के लिए अहम था, क्योकि गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का गढ़ रहा है। बुधवार को आए चुनाव नतीजों ने भाजपा ने पूर्व सीएम हुड्डा के गढ़ अब सेंध लगा दी है। भाजपा के नेताओं का कहना है कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सबका साथ सबका विकास की नीतियों की जीत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल