home page

समरसता संकल्प के साथ सियासत की नई जमीन तैयार कर रही भाजपा

 | 
समरसता संकल्प के साथ सियासत की नई जमीन तैयार कर रही भाजपा


-सामाजिक समीकरण के जरिये हर वर्ग को साधने की कवायद

चंडीगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के समानता, सम्मान और समरसता के संदेश के जरिये भाजपा हरियाणा ने सामाजिक समरसता संकल्प के साथ सियासत की नई जमीन तैयार करने का योजना बनाई है। हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की रणनीति सरकार और संगठन की ताकत को एक मंच लाकर राजनीति के साथ जनभागीदारी को बढ़ाना है। यही नहीं, संत रविदास के विचारों से सामाजिक समीकरण के जरिये हर वर्ग को साधने की कोशिश की जा रही है।

संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष पर निकाली जा रही समरसता यात्रा आठ जिलों से होकर गुजर रही है, जबकि 15 जिलों में उप यात्राओं के जरिये संत रविदास के सामाजिक एकता का संदेश पहुंचाया जाएगा।

हरियाणा भाजपा की ओर से सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर यात्राएं निकालने की रूपरेखा तैयार की है। जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के माध्यम से अलग-अलग जिलों में कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

कुरुक्षेत्र के उमरी में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की अगुवाई में आयोजित हुई जनसभा केवल स्वागत कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके नेतृत्व में संगठन की सामाजिक पहुंच का बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट संदेश दिया कि सामाजिक समरसता अब केवल मंच का विषय नहीं, बल्कि संगठन के जनसंपर्क का भी प्रमुख आधार है। अर्चना गुप्ता के लिए यह यात्रा संगठनात्मक नेतृत्व के तौर बड़ी परीक्षा मानी जा रही है, क्योंकि प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद उनके सामने चुनौती केवल पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने की नहीं, बल्कि संगठन को समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सक्रिय संवाद का माध्यम बनाने की भी है। समरसता यात्रा उनके नेतृत्व की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है। समरसता यात्रा का अलग-अलग स्थानों पर स्वागत, सामाजिक संवाद और जनभागीदारी के कार्यक्रमों के जरिए संगठन की पहुंच को समाज के अलग-अलग वर्गों तक ले जाने की रणनीति है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा