नूंह: अध्यापक पात्रता परीक्षा की आंसर की पर सवाल, आफताब से मिले अभ्यर्थियों ने की न्याय की मांग
नूंह, 10 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा की आंसर की जारी करने के बाद अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि आंसर की में एक नहीं अनेक प्रश्न गलत दिए हैं। यहां तक कि कुछ अभ्यर्थियों के तो आधे से ज्यादा उत्तर गलत दिए गए हैं। इस मामले में नूंह जिले के अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को विधायक चौधरी आफताब अहमद से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है।
अभ्यर्थियों ने विधायक आफताब अहमद को सौंपे पत्र में आरोप लगाया कि हाल ही में 4 जुलाई और 5 जुलाई को हुए पीजीटी और टीजीटी परीक्षाओं में सेट बी, सी , डी की उत्तर कुंजी सही नहीं है उन्होंने सभी सेटों के पुनरीक्षण की मांग की है। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा लेवल 2 में कुछ बिल्कुल गलत सवाल पूछे गए हैं, अभ्यर्थियों ने मांग की है कि ग़लत सवालों पर ग्रेस मार्क दिये जायें ताकि छात्रों को नुकसान न हो सके।
अभ्यर्थियों ने कहा कि उर्दू भाषा के भाग में प्रश्न संख्या 91 से शुरू होनी चाहिए थी लेकिन बोर्ड द्वारा जारी उत्तर कुंजी में 1, 2, 3 के क्रम में दर्शाया गया है जो भ्रामक और ग़लत है। वहीं विधायक आफताब अहमद ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया कि वो उनकी बात को शिक्षा बोर्ड तक जरूर उठाएंगे और सुनिश्चित करेंगे कि छात्रों के साथ अन्याय न हो। विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा है जो प्रश्न अधूरे, अस्पष्ट, त्रुटिपूर्ण अथवा एक से अधिक उत्तर वाले हैं, उन सभी पर सभी अभ्यर्थियों को ग्रेस अंक दिए जाएं।
विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि जब गलती बोर्ड की है, तो अभ्यर्थियों से आपत्ति शुल्क लेना तत्काल बंद किया जाए अथवा पूरी तरह वापस किया जाए। अंतिम उत्तर कुंजी पूर्ण पारदर्शिता एवं विशेषज्ञों की समीक्षा के बाद ही जारी की जाए। विधायक आफताब अहमद ने कहा कि वो छात्रों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे और उनकी आवाज को जोरदार तरीके से उठाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

