जींद : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने सुनी जनसमस्याएं
जींद, 29 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि जनसेवा ही सच्ची सेवा है और जनता की समस्याओं का उचित समाधान सरकार व प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार जनता को सुशासन देने के प्रति दृढ़ संकल्प है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे भी जनमानस की समस्याओं का निवारण करना अपना कर्तव्य समझे और इसे गंभीरता से निभाएं। इसमें लापरवाही या टालमटोल की प्रवृत्ति ना अपनाएं।
मंत्री बेदी ने बुधवार को अपने आवास पर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान हेतु निर्देश दिए। इस दौरान अनेक लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर कैबिनेट मंत्री से अवगत करवाया। कैबिनेट मंत्री द्वारा क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुनते हुए उचित समाधान के लिए सम्बंधित अधिकारियों को समाधान के आवश्यक निर्देश दिए गए। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि हरियाणा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कटिबद्ध है। विशेष रूप से कमजोर वंचित एवं पिछड़े वर्गों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे यह सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है और इसे सरकार द्वारा बखूबी निभाया जा रहा है। उन्होंने जनसाधारण को भी आह्वान किया कि वे भी अपने स्तर पर सरकारी योजनाओं की जानकारी रखें और उनका अधिकाधिक लाभ उठाएं। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा जनता की सेवा ही मेरा धर्म है। मेरा दरवाजा हर नागरिक के लिए हमेशा खुला है। आप सबकी समस्याएं मेरी अपनी समस्याएं हैं और उनका समाधान मेरा दायित्व है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

