सोनीपत: मेयर चुनाव में भाजपा उम्मीदवार राजीव जैन ने किया नामांकन, कांग्रेस पर तीखे हमले
सोनीपत, 24 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
नगर निगम मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राजीव जैन ने शुक्रवार को
नामांकन दाखिल कर चुनावी माहौल को गर्म कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की
मौजूदगी में यह प्रक्रिया पूरी हुई। नामांकन से पहले शहर के अलग-अलग हिस्सों में उनका
स्वागत किया गया। पार्टी इसे अपने पक्ष में बनते माहौल का संकेत बता रही है, जबकि विपक्ष
पर राजनीतिक हमले भी तेज हो गए हैं।
प्रदेश
अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के साथ राजीव जैन अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और विधिवत
नामांकन जमा किया। बड़ौली ने कहा कि शहर में भाजपा के समर्थन का माहौल साफ दिखाई दे
रहा है। उन्होंने दावा किया कि मेयर के साथ-साथ सभी वार्डों में पार्टी जीत दर्ज करेगी।
कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और इसे चुनाव की मजबूत शुरुआत बताया गया।
हरियाणा
में राहुल गांधी के संभावित दौरे पर बड़ौली ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि उनका स्वागत
है, लेकिन जलेबी वाला बयान लोगों को याद है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जलेबी की
फैक्ट्री का उद्घाटन करने भी आ सकते हैं। बड़ौली ने महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते
हुए कहा कि वर्ष दो हजार तेइस में बिल पास कराया गया और वर्ष दो हजार उनतीस के चुनाव
में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का लक्ष्य है।
राजीव
जैन ने कहा कि नामांकन से पहले उन्होंने कार्यालय में हवन किया। उन्होंने भरोसा जताया
कि उपचुनाव की तरह इस बार भी जनता उनका साथ देगी। उन्होंने कहा कि उनके नौ महीनों के
कार्यकाल में शहर के विकास के लिए लगातार 24 घंटे काम किया गया है और जनता इसका आशीर्वाद
देगी। राजीव जैन ने दावा किया कि भाजपा इस बार मेयर पद के साथ सभी 22 वार्डों में जीत
दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता रही है और चुनाव
में इसका असर दिखाई देगा।
राजीव
जैन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले उपचुनाव में जनता ने कांग्रेस को
जवाब दिया था और इस बार भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा। दूसरी ओर कांग्रेस
उम्मीदवार कमल दीवान लगातार प्रचार में जुटे हैं और स्थानीय मुद्दों को लेकर लोगों
के बीच जा रहे हैं। पिछली हार के बाद दोबारा आमने-सामने होने से मुकाबला रोचक हो गया
है। नामांकन के समय विधायक निखिल मदान, विधयक देवेंद्र
कादियान, ललित बत्रा ए पूर्व मंत्री कविता जैन पूर्व सांसद रमेश कौशिक आदि साथ रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

