home page

कैथल: चोरी की 12 बाइक बरामद, बाइक चोर गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 
कैथल: चोरी की 12 बाइक बरामद, बाइक चोर गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। दुपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर शिकंजा कसते हुए कैथल पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 चोरीशुदा बाइक बरामद की हैं। बरामद बाइकों में चार कैथल जिले से चोरी की गई थीं जबकि अन्य बाइक पानीपत और बरवाला क्षेत्र से चोरी होना पाया गया है।

डीएसपी रमेश चंद्र ने मंगलवार काे बताया कि गांव पाडला निवासी राममेहर ने सदर थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि 18 सितंबर को अज्ञात व्यक्ति उसके घर के बाहर खड़ी उसकी बाइक चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना सदर में मामला दर्ज किया गया था।

एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम की अगुवाई में एचसी देवेंद्र सिंह की टीम को जांच सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राजौंद निवासी दीपक, जोनी और मेहर सिंह को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों से व्यापक पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से शिकायतकर्ता की बाइक समेत कुल 12 चोरीशुदा बाइक बरामद हुईं। जांच में सामने आया कि ये बाइकें कैथल के अलावा पानीपत और बरवाला क्षेत्र से चोरी की गई थीं। इनमें से चार बाइक कैथल जिले से चोरी होना पाया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे