हांसी : कार बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार सिक्योरिटी गार्ड की मौत
जींद यूनिवर्सिटी
में था सिक्योरिटी गार्ड, बेटी को नर्सिंग कॉलेज छोड़कर लौट रहा था घर
हांसी, 09 मार्च
(हि.स.)। हांसी जींद रोड पर एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतक की पहचान जींद के रोहतक रोड निवासी 42 वर्षीय नरेश के रूप में हुई है। मृतक तीन
बच्चों का पिता और जींद की चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी में सिक्योरिटी गार्ड के पद
पर कार्यरत थे।
पुलिस प्राप्त जानकारी
के अनुसार नरेश रविवार दोपहर बाद बाइक पर सवार होकर अपनी बेटी को चौधरीवास स्थित नर्सिंग
कॉलेज छोड़ने के लिए गए थे और बेटी कालेज छोड़कर वापस जींद लौट रहे थे। देर सायं जैसे
ही हांसी-जींद रोड स्थित गंगनखेड़ी गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एक कार ने
सामने से उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी जिससे नरेश बाइक सहित सड़क पर जा गिरे और
गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक ने एंबुलेंस की मदद से नरेश को उपचार
के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों
के अनुसार मृतक नरेश तीन बच्चों का पिता और परिवार में इकलौता कमाने वाला था। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया
गया। पुलिस ने कार चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

