home page

हांसी : वाहन की टक्कर से बाइक सवार छात्र की मौत, दो बहनों का इकलौता भाई था दीपक

 | 

खेत

से घर लौटते समय हुआ हादसा, सीसीटीवी फुटेज

से आरोपी वाहन की तलाश

हांसी, 24 जुलाई (हि.स.)। बास थाना क्षेत्र के

गांव बास आजम शाहपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय छात्र दीपक की मौत हो

गई। वह ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा था और खेत से बाइक पर घर लौटते समय मुंढाल जींद रोड

स्थित उजाला पेट्रोल पंप के पास किसी वाहन की चपेट में आ गया और सड़क पर जा गिरा। उसके

सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार काे हादसे

की सूचना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार दीपक गुरुवार शाम करीब पांच

बजे बाइक पर खेतों की ओर गया था। देर रात वह वापस घर लौट रहा था कि इसी दौरान उजाला

पेट्रोल पंप के निकट किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद वाहन

चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के पिता विजेंद्र की शिकायत

के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शुक्रवार काे शव का पोस्टमार्टम

करवा कर परिजनों को सौंप मामले की जांच आरंभ कर दी है।

जब देर रात तक दीपक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों

ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच गांव के सोशल मीडिया ग्रुप में सड़क हादसे की तस्वीरें

वायरल हुईं। परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां डायल-112 और बास थाना पुलिस की टीम मौजूद

थी। पुलिस ने शव को एंबुलेंस के माध्यम से हांसी के सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में

भिजवा दिया। मृतक दीपक के पिता विजेंद्र किसान हैं। दीपक परिवार

का इकलौता बेटा था, जबकि उसकी दो बहनें हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का

पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। परिजनों का कहना है कि दुर्घटनास्थल के आसपास

स्थित मकानों और उजाला पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उन्हें उम्मीद है कि

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान हो जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर