home page

कैथल: वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

 | 
कैथल: वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत


कैथल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कैथल-जींद मार्ग पर गांव किठाना के पास देर रात एक वाहन की टक्कर से बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान गांव किठाना निवासी सतीश के रूप में हुई है। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।जानकारी के अनुसार सतीश देर रात बाइक पर सवार होकर गांव के मुख्य मार्ग से कैथल-जींद मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सतीश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।राहगीरों ने सड़क पर घायल युवक को पड़ा देखा तो इसकी सूचना किठाना चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचित किया। परिजनों की मदद से सतीश को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया।किठाना चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि देर रात गांव के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई और मृतक की पहचान करवाकर परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य माध्यमों से आरोपी वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।परिजनों के अनुसार सतीश दो बहनों का इकलौता भाई था। वह मेहनत-मजदूरी करके परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी चालक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे