home page

झज्जर: सरसों खरीद की जिम्मेदारी आढ़तियों को न देने के खिलाफ किया प्रदर्शन

 | 
झज्जर: सरसों खरीद की जिम्मेदारी आढ़तियों को न देने के खिलाफ किया प्रदर्शन
झज्जर: सरसों खरीद की जिम्मेदारी आढ़तियों को न देने के खिलाफ किया प्रदर्शन


बड़े-बड़े घराने देश में वेयरहाउस व साइलो बनाकर अनाज के व्यापार पर पूरी तरह कब्जा करना चाहते : गर्ग

झज्जर, 3 अप्रैल (हि.स.)। सरकार द्वारा सरसों की सरकारी खरीद आढ़तियों के माध्यम से ना करने व गेहूं खरीद पर आढ़त कम करने के विरोध में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कान्फेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग के नेतृत्व में बुधवार को झज्जर मंडी में प्रदर्शन किया गया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। धरने में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए।

इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश से लगातार व्यापारी पलायन कर रहे हैं। आढ़तियों को आढ़त नहीं मिलती, पल्लेदारों को मजदूरी नहीं मिलती व किसानों को फसल के पूरे भाव नहीं मिलते। इस कारण व्यापारी, किसान, मजदूर व आम जनता में इस सरकार के प्रति बड़ी भारी नाराजगी है। सरकार ने गेहूं व धान पर पिछली खरीद में भी आढ़तियों का कमीशन काट कर काफी कम दिया था। अब सरकार सरसों, कपास, बाजरा, मूंग, चना, सुरजमुखी की खरीद आढ़तियों के माध्यम से ना करने से व्यापारियों में सरकार के प्रति बड़ी भारी नाराजगी है।

बजरंग गर्ग ने कहा कि बड़े-बड़े घराने हरियाणा व पूरे देश में वेयरहाउस व साइलो बनाकर अनाज के व्यापार पर अपना पूरी तरह से कब्जा करना चाहते हैं अगर अनाज के व्यापार पर बड़े घरानों का नियंत्रण हो गया तो आटा, दाल व हर अनाज की कीमतें पहले से दो-तीन गुना ज्यादा हो जाएगी। सरकारी यही चाहती है। इसलिए सरकार सरसों व अन्य अनाज की खरीद आढ़तियों के माध्यम से नहीं कर रही है। इस अवसर पर कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स, व्यापार मंडल प्रदेश महासचिव रमेश खुराना, व्यापार मंडल जिला प्रधान सुभाष गुर्जर, अनाज मंडी प्रधान हरिंदर सिलाना, अनाज मंडी पूर्व प्रधान चांदराम पहलवान, उप प्रधान सोहन धनखड़ व पूर्व प्रधान धर्मपाल भी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/शील/संजीव