home page

सद्भावना दिवस: भूपेंद्र सिंह ने पूर्व पीएम राजीव गांधी को किया नमन

 | 
सद्भावना दिवस: भूपेंद्र सिंह ने पूर्व पीएम राजीव गांधी को किया नमन


चंडीगढ़ में भूपेंद्र हुड्डा ने स्व. राजीव गांधी को दी श्रद्धांजलि

चंडीगढ़, 20 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, चंडीगढ़ में भारत के जनप्रिय राजनेता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी जी की जयंती के अवसर पर मनाये जाने वाले सद्भावना दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि राजीव गांधी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में (1984-1989) देश को आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में क्रांति की शुरुआत की, जिसके तहत देशभर में कंप्यूटरीकरण को बढ़ावा दिया गया और दूरसंचार व्यवस्था को मजबूत किया।

हुड्डा ने कहा मेरे लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि मैंने 21वीं सदी के आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने वाले राजीव जी के बेहद करीब रहकर काम किया है। उनकी दूरदृष्टि, कार्यशैली और यादें हमारे दिल-दिमाग पर सदा अंकित रहेंगी। उनके नेतृत्व में नई शिक्षा नीति लागू की गई, जिससे शिक्षा व्यवस्था में सुधार आया। साथ ही, पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए 73वें संविधान संशोधन की नींव रखी, जिससे स्थानीय स्वशासन को मजबूती मिली।

उन्होंने आर्थिक उदारीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए और विदेशी निवेश को प्रोत्साहित किया। श्रीलंका के साथ शांति समझौता (भारत-श्रीलंका समझौता), मालद्वीव की सुरक्षा और सार्क की मजबूती, उनकी विदेश नीति के प्रमुख योगदानों में से एक था। युवा पीढ़ी को राजनीति और विकास से जोड़ने तथा विज्ञान-प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों ने भारत को नई दिशा की ओर अग्रसर करने में मदद की। आज पूरा देश उनके योगदान को याद कर रहा है। इस मौके पर सांसद कर्मबीर बोद्ध, विधायक अशोक अरोड़ा, आफताब अहमद, गीता भुक्कल, बलराम दांगी, चंदरप्रकाश, इंदुराज नरवाल, विकास सहारन, पूजा मुलाना, नरेश सेलवाल, जस्सी पेटवाड़, सहप्रभारी जितेंद्र बघेल , जिलाध्यक्ष पंचकूला संजय चौहान, चाँदवीर हुड्डा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा