home page

‘बेटी बचाओ’ के नारों के बीच बेटियों की संख्या घटी, 6 माह में लिंगानुपात 23 अंक गिरा : कांग्रेस

 | 

चंडीगढ़, 02 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश में लगातार गिरते लिंगानुपात को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जिस हरियाणा से वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की शुरुआत की थी, उसी प्रदेश में बेटियों की संख्या में लगातार गिरावट सरकार के दावों की पोल खोल रही है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि विधानसभा में सरकार की ओर से पेश आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में जन्म के समय हरियाणा का लिंगानुपात 923 बेटियां प्रति 1,000 लडक़ों था, जो जून 2026 में घटकर 900 रह गया। यानी महज छह माह में 23 अंकों की गिरावट दर्ज हुई है। उन्होंने इसे करीब आठ वर्षों का सबसे निचला स्तर बताते हुए कहा कि यह केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने की सरकारी व्यवस्था पर गंभीर सवाल है।

उन्होंने जिलावार स्थिति को भी चिंताजनक बताया। उनके अनुसार चरखी दादरी में लिंगानुपात 913 से गिरकर 829, पानीपत में 951 से 880, पंचकूला में 971 से 903, जींद में 918 से 878 और अंबाला में 926 से घटकर 884 हो गया। जून 2026 में महेंद्रगढ़ 869, गुरुग्राम और झज्जर 871-871 पर रहे। वहीं करनाल 945, पलवल 930, फरीदाबाद 920, नूंह 918 और फतेहाबाद 917 के साथ अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में रहे।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार के अनुसार पीसीपीएनडीटी और एमटीपी अधिनियम के तहत 1,422 एफआईआर दर्ज की गई हैं तथा ‘सेल्फी विद डॉटर’ जैसे जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद लिंगानुपात में इतनी बड़ी गिरावट सवाल खड़े करती है। उन्होंने पूछा कि यदि निगरानी और कार्रवाई प्रभावी है तो हालात लगातार क्यों बिगड़ रहे हैं। उन्होंने हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में छह सदस्यों के पद लंबे समय से रिक्त होने पर भी सरकार को घेरा। कहा कि बेटियों और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने वाली संस्था में पद खाली रहना सरकार की गंभीरता पर सवाल है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि गिरते लिंगानुपात वाले जिलों में विशेष निगरानी अभियान चलाया जाए, दोषियों की जवाबदेही तय हो, पीसीपीएनडीटी कानून प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और आयोग के रिक्त पद तत्काल भरे जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा