हिसार : अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं को बेस्ट पेपर पुरस्कार
हिसार, 19 मार्च (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान विभाग के शोधकर्ताओं ने
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ‘प्रो. प्रतिभा सिंह बेस्ट पेपर अवार्ड’ हासिल करके विश्वविद्यालय
का नाम रोशन किया है। यह पुरस्कार ‘वर्कप्लेस डायनेमिक्स: इंडिविजुअल्स एंड ऑर्गनाइजेशन्स’ विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय
सम्मेलन तथा 5वें इंडियन कांग्रेस ऑफ इंडस्ट्रियल एंड ऑर्गेनाइजेशनल साइकोलॉजी के दौरान
11 से 13 मार्च को हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, महेंद्रगढ़ में प्रदान किया गया।
इस सम्मेलन का आयोजन स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड
सोशल साइंसेज द्वारा स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मैनेजमेंट स्टडीज के सहयोग से तथा सोसायटी
ऑफ इंडस्ट्रियल एंड ऑर्गेनाइजेशनल साइकोलाॅजी के साथ मिलकर किया गया। यह पुरस्कार गुजविप्रौवि
के अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान विभाग की शोधार्थी कलश शर्मा, सहायक प्रोफेसर डॉ. स्नेहा
मित्तल और एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. संजय परमार को उनके उत्कृष्ट शोध
पत्र के लिए प्रदान किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई
ने गुरुवार काे इस उपलब्धि पर विजेताओं को बधाई दी और उनके शोध कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा
कि यह उपलब्धि गुजविप्रौवि के अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान विभाग की बढ़ती शोध उत्कृष्टता
को दर्शाती है।
विश्वविद्यालय के तथा कुलसचिव डा. विजय कुमार
ने भी विजेताओं को बधाई दी तथा कहा कि शोधार्थियों की इस उपलब्धि से शिक्षक, शोधार्थी
व विद्यार्थी प्रेरित होंगे। सम्मेलन में 20 से अधिक तकनीकी सत्रों में 130 से अधिक
शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। प्रत्येक तकनीकी सत्र से एक सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र का चयन
किया गया, जिनमें से एसओआईओपी पुरस्कार के लिए अंतिम चयन किया गया। स्व. प्रतिभा सिंह
स्मृति बेस्ट पेपर अवार्ड के अंतर्गत विजेताओं को स्मृति चिन्ह और 5000 रुपये की नकद
राशि प्रदान की गई।
इस सम्मेलन में देशभर से आए विद्वानों, शिक्षाविदों
और शोधकर्ताओं ने मनोविज्ञान और उससे संबंधित क्षेत्रों में उभरते मुद्दों तथा नवीन
शोध पर विचार-विमर्श किया। गुजविप्रौवि के शोधकर्ताओं का यह शोध पत्र अपनी शैक्षणिक
गुणवत्ता, मौलिकता और मनोविज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के कारण निर्णायकों
द्वारा विशेष रूप से सराहा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

