home page

सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने फतेहाबाद में कोर्ट परिसर में किया लिफ्ट का शिलान्यास

 | 
सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने फतेहाबाद में कोर्ट परिसर में किया लिफ्ट का शिलान्यास


फतेहाबाद, 30 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने गुरूवार को जिला बार एसोसिएशन परिसर में लिफ्ट का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि अधिवक्ताओं एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। लिफ्ट निर्माण से विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को बड़ी राहत मिलेगी।

सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जिला बार एसोसिएशन की किसी भी प्रकार की जरूरत को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

बेदी ने कहा कि लिफ्ट का निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा, ताकि अधिवक्ताओं और आम नागरिकों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके। फतेहाबाद के पूर्व विधायक दुड़ाराम ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना हरियाणा सरकार की जिम्मेदारी है। पूर्व विधायक ने हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी मंत्री जनहित में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है और विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने कहा कि बार एसोसिएशन में लिफ्ट के शिलान्यास से वकील सहित कोर्ट परिसर में आने वाले अन्य लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी और उनके कार्य में आसानी आएगी। प्रवीण जोड़ा ने कहा कि लिफ्ट के शिलान्यास से पहले ही राशि संबंधित खाते में डाल दी गई, जो कैबिनेट मंत्री की तत्परता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा