home page

सिरसा: सोशल मीडिया के फोटो ट्रेंड से रहें सावधान: एसपी

 | 
सिरसा: सोशल मीडिया के फोटो ट्रेंड से रहें सावधान: एसपी


सिरसा, 14 सितंबर (हि.स.)। सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने एडवाइजरी जारी कर कहा कि सोशल मीडिया के किसी भी ट्रेंड को आंख मूंदकर फॉलो न करें। उन्होंने कहा कि मनोरंजन के लिए किसी ऐप पर डाली गई तस्वीर का भविष्य में गलत इस्तेमाल हो सकता है। एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर 80 के दशक का जो फोटो बनवाने का ट्रेंड चल है, वह परेशानी का कारण भी बन सकता है।

पुलिस की ओर से सोमवार को जारी एडवाइजरी में कहा कि मनोरंजन के लिए किसी ऐप पर डाली गई तस्वीर का भविष्य में गलत इस्तेमाल हो सकता है, इसलिए फोटो अपलोड करने से पहले ऐप या वेबसाइट की विश्वसनीयता और उसकी प्राइवेसी पॉलिसी जरूर जांचें। फोटो डालने से पहले जान लें, डाटा जा कहां रहा है।

उन्होंने कहा कि साइबर ठग भी समय के साथ ठगी के तरीके बदल रहे हैं। एआई की मदद से आवाज की नकल कर परिचित बनकर पैसे मांगने जैसी घटनाओं के बाद अब तस्वीरों और एआई से तैयार सामग्री के दुरुपयोग का खतरा भी सामने आ रहा है। हालांकि, केवल फोटो अपलोड करने से मोबाइल का फेस लॉक अपने आप खुल जाना मानकर डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन तस्वीर का इस्तेमाल फर्जी अकाउंट, भ्रामक पोस्ट या पहचान से जुड़ी धोखाधड़ी में किया जा सकता है। एसपी दीपक सहारण ने कहा कि एआई तकनीक का इस्तेमाल करने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन अनजान ऐप और वेबसाइट पर निजी तस्वीरें डालने से पहले सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। ट्रेंड के चक्कर में अपनी डिजिटल सुरक्षा को दांव पर न लगाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma