हिसार : अनजान नंबर से वीडियो कॉल आए तो हो जाएं सावधान, न उठाएं कॉल : सिद्धांत जैन
हिसार, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिला पुलिस ने नागरिकों
से साइबर ठगों से सचेत रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि समय-समय पर जागरूकता के
बावजूद इस तरह की वारदातें हो रही है, जिससे नागरिकों को सावधान रहना जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार काे बताया कि अनजान
नंबर से आया वीडियो कॉल भारी पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि तकनीक के इस युग में हर
कोई इंटरनेट की दुनिया में साइबर अपराधी ठगी के नए-नए तरीके अपनाकर लोगों के साथ ठगी
की वारदातों को अजाम दे रहे हैं। साइबर फॉड करने वालों ने लोगों को ब्लैकमेलिंग करने
का नया तरीका अपना लिया है। साइबर अपराधी पहले अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल करते हैं।
जिस नंबर से कॉल आता है, उसे अटेंड करने पर सामने न्यूड वीडियो चल रही होती है। कॉल
रिसीव करते ही साइबर अपराधी अपने मोबाइल फोन का स्क्रीन शॉट्स ले लेते हैं। इसमें कॉल
करने वाले और कॉल रिसीव करने वाले की तस्वीर कैद हो जाती है। तत्काल उस वीडियों को
सामने वाले के पास भेजकर सोशल मीडिया पर वायरल
करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग करना शुरू कर देते है। पीड़ित व्यक्ति अपने सम्मान
और साख बचाने के चक्कर में पैसे दे देता है।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन को इस प्रकार की साइबर
ठगी से बचने की सलाह देते हुए कहा है कि अगर किसी व्यक्ति के पास अज्ञात नंबर से किसी
भी तरीके से वीडियो कॉल आता है, तो वह उसे अटेंड ना करें। अगर अटेंड कर भी ले तो पहले
उसमें अपना चेहरा ना दिखाए। पहले सामने वाले का चेहरा देखें, कोई परिचित है तो अपना
चेहरा दिखाए, नहीं तो फोन काट दे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

