हिसार : इंस्पेक्टर जितेंद्र की नशा तस्करों और अपराधियों को दो टूक चेतावनी
अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति, नशा तस्करी के नेटवर्क पर होगी विशेष निगरानी
हिसार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। अपराध और नशे के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करने
के उद्देश्य से इंस्पेक्टर जितेंद्र ने बरवाला थाना प्रभारी का कार्यभार संभाल लिया
है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने मंगलवार काे थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति
और नशे से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को
अपराध की रोकथाम, नशा तस्करों की धरपकड़, अवैध गतिविधियों पर निगरानी और आमजन की सुरक्षा
को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र ने नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों
तथा चोरी, लूट, जुआ-सट्टा सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को दो टूक
चेतावनी दी कि बरवाला थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में
बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराध में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी
कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर विशेष निगरानी
रखी जाएगी और नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी। इसके
अलावा पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी
जाएगी। थाना प्रभारी ने आमजन से अपील की कि नशा तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, चोरी
अथवा किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि सूचना
देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

