home page

बंतो कटारिया बनीं हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष, रेनू डाबला उपाध्यक्ष नियुक्त

 | 

चंडीगढ़, 08 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने राज्य अनुसूचित जाति आयोग में नई नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और अंबाला से सांसद रहे स्व. रतनलाल कटारिया की धर्मपत्नी बंतो कटारिया को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि रोहतक की पूर्व मेयर रेनू डाबला को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राज्य सरकार की ओर से दोनों नियुक्तियों के संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है। नियुक्ति की जानकारी सामने आने के बाद बंतो कटारिया और रेनू डाबला को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। दोनों नियुक्तियों को राज्यपाल की मंजूरी भी मिल चुकी है।

बंतो कटारिया ने 2024 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर अंबाला लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि, वह कांग्रेस प्रत्याशी वरुण चौधरी से चुनाव हार गई थीं। लोकसभा चुनाव के बाद भी बंतो कटारिया अंबाला क्षेत्र में लगातार सक्रिय रही हैं और विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेती रही हैं।

राज्य अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष नियुक्त की गईं रेनू डाबला ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 2013 में की थी। उस समय उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। पार्षद बनने के बाद वह रोहतक की मेयर बनीं।

मेयर के रूप में कार्यकाल पूरा करने के बाद रेनू डाबला ने वर्ष 2018 में भाजपा का दामन थाम लिया। पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं और पिछले कुछ समय से प्रदेश सचिव के पद पर कार्यरत थीं।

राज्य अनुसूचित जाति आयोग में दोनों नियुक्तियों को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई जिम्मेदारी के साथ बंतो कटारिया और रेनू डाबला के सामने अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े मुद्दों को आयोग के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाने और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय करने की जिम्मेदारी होगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा