home page

बाल वाटिका में विद्यार्थियों को वर्दी व स्टेशनरी के पैसे देगी सरकार

 | 

चंडीगढ़, 06 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्राथमिक शिक्षा को मजबूती देने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को राहत देने का बड़ा कदम उठाया है। राजकीय स्कूलों में बाल वाटिका-3 में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा के अंतर्गत वर्दी व स्टेशनरी के लिए एक हजार रुपये की राशि मिलेगी। यह राशि सीधी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से दी जाएगी।

मौलिक शिक्षा निदेशक की ओर से राज्य के सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को विद्यार्थियों के बैंक खाते खुलवाने तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने की हिदायत दी है। विभागीय निर्देशों के अनुसार यह राशि पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से विद्यार्थियों अथवा उनके अभिभावकों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी। इसमें 800 रुपये वर्दी तथा 200 रुपये स्कूल बैग एवं स्टेशनरी के लिए निर्धारित किए गए हैं।

निदेशालय की ओर से जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों के बैंक खाते प्राथमिकता के आधार पर खुलवाए जाएं ताकि डीबीटी प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए और समय पर राशि का वितरण सुनिश्चित हो सके।

विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि बाल वाटिका-3 के विद्यार्थियों की वर्दी का रंग एवं स्वरूप कक्षा पहली के विद्यार्थियों की वर्दी के अनुरूप रखा जाए, जिससे अगले शैक्षणिक सत्र में भी वही वर्दी उपयोग में लाई जा सके। वर्दी में किसी प्रकार के बदलाव का अधिकार संबंधित विद्यालय की स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) को दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा