home page

सोनीपत: श्रद्धा-भक्ति से मिलती है बालाजी की कृपा : स्वामी सीताराम

 | 
सोनीपत: श्रद्धा-भक्ति से मिलती है बालाजी की कृपा : स्वामी सीताराम


मां लक्ष्मी की साक्षात

मूर्ति के दर्शन वर्ष में केवल दो बार ही होते हैं

सोनीपत, 09 मार्च (हि.स.)। महामण्डलेश्वर स्वामी सीताराम ने कहा है कि श्रद्धा, भक्ति और समर्पण के भाव से प्रभु

की आराधना करने वाले भक्तों को बालाजी महाराज की कृपा और शक्ति का विशेष आशीर्वाद प्राप्त

होता है। सच्चे मन से प्रभु की शरण में जाने वाला व्यक्ति जीवन के अनेक संकटों से मुक्त

होकर आत्मिक शान्ति प्राप्त करता है।

सोनीपत के बहालगढ़ चौक स्थित कृष्णा नगर के श्री बालाजी हनुमान मन्दिर में

71वां संकट मोचन मारुति यज्ञ में स्वामी सीताराम ने साेमवार काे कहा कि जो भक्त सच्चे मन से प्रभु

की शरण में आता है, उसका कल्याण निश्चित होता है। कलियुग में बालाजी महाराज की महिमा

अत्यन्त महान मानी जाती है और उनके आशीर्वाद से मनुष्य के अनेक संकट, कष्ट और रोग दूर

हो जाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मन्दिर में वर्ष में दो बार संकट मोचन मारुति यज्ञ

का आयोजन किया जाता है। इसी प्रकार इस मन्दिर की एक विशेष पहचान यह भी है कि यहां स्थापित

मां लक्ष्मी की साक्षात मूर्ति के दर्शन वर्ष में केवल दो बार ही होते हैं। अन्य दिनों

में माता के मन्दिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए बन्द रहते हैं और केवल भोग अर्पित

करने के समय ही पुजारी का प्रवेश होता है।

इस पवित्र यज्ञ में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। यज्ञ में शामिल होकर

श्रद्धालुओं ने न केवल अपने जीवन के संकटों से मुक्ति की कामना की, बल्कि बालाजी का

आशीर्वाद रक्षा कवच के रूप में प्राप्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत भक्तों द्वारा बालाजी

की ध्वजा लेकर मन्दिर की परिक्रमा से हुई। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हाथों में ध्वजा

लेकर मन्दिर की परिक्रमा की और भगवान से सुख-समृद्धि तथा मंगल कामना की प्रार्थना की।

इसके बाद संकट मोचन मारुति यज्ञ आरम्भ हुआ। यज्ञ पूर्ण आहुति तथा आरती के साथ सम्पन्न

हुआ। यज्ञ के बाद मन्दिर परिसर में सोमवार को भंडारे का आयोजन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना