हरियाणा पुलिस ने बादशाह का गीत शेयर करने वाले 857 लिंक हटाए
चंडीगढ़, 23 मार्च (हि.स.)। बॉलीवुड सिंगर बादशाह के विवादित गीत टटीरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा पुलिस ने इस गीत से जुड़े 857 लिंक हटवा दिए हैं। हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल द्वारा सोमवार को जारी जानकारी के अनुसार हटाए गए लिंक में 154 यूट्यूब वीडियो और 703 इंस्टाग्राम रील्स शामिल हैं।
टटीरी गीत को लेकर पंचकूला पुलिस द्वारा सेक्टर 20 के पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीमें गीत से जुड़े डिजिटल कंटेंट की लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं और इसके प्रसार में शामिल अन्य व्यक्तियों व सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ समन्वय स्थापित कर कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है, जिसके तहत संबंधित प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी कर गीत के सभी वर्जऩ—री-अपलोड, शॉर्ट वीडियो और अन्य रूपों—को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यह कदम विशेष रूप से उन आपत्तिजनक सामग्रियों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है, जिनमें महिलाओं और नाबालिगों के प्रति अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया गया है।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि राज्य में महिलाओं और नाबालिगों की गरिमा के विरुद्ध किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक कंटेंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और टटीरी जैसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस संबंध में पुलिस के सोशल मीडिया सेल को निर्देश जारी किए गए हैं। डीजीपी ने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल वातावरण बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में पुलिस और प्रशासन मिलकर निरंतर प्रभावी कदम उठा रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शिबास कविराज ने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा आम जनता को सख्त चेतावनी जारी करते हुए स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रतिबंधित गीत पर रील, शॉर्ट या अन्य वीडियो बनाता या साझा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक या प्रतिबंधित किया जा सकता है तथा बार-बार उल्लंघन करने वालों पर कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

