home page

नूंह पहुंचे योग गुरु रामदेव ने देवीलाल व ओमप्रकाश चौटाला की जमकर की सराहना

 | 
नूंह पहुंचे योग गुरु रामदेव ने देवीलाल व ओमप्रकाश चौटाला की जमकर की सराहना


नूंह, 29 नवंबर (हि.स.)। नूंह के पल्ला गांव स्थित नितिन मेहता के शांति फार्म हाउस पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव सहित प्रदेश की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने शिरकत की। इस दौरान बाबा रामदेव ने विधिवत हवन कराया और परिवार के सदस्यों को सुख-समृद्धि एवं खुशहाली का आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला, कांग्रेस नेता एवं विधायक आफताब अहमद, विधायक आदित्य चौटाला, करण सिंह चौटाला, इनेलो नेता ताहिर हुसैन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। फार्म हाउस पर आयोजित हवन में सभी ने भाग लिया और धार्मिक अनुष्ठान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

हवन के उपरांत बाबा रामदेव ने अपने संबोधन के दौरान पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल के व्यक्तित्व और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के कार्यों और उनके राजनीतिक जीवन की भी प्रशंसा की। इसके साथ ही उन्होंने इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला की भी तारीफ की। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक माहौल के बीच राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। बाबा रामदेव के आगमन और उनके द्वारा हवन कर परिवार को आशीर्वाद दिए जाने से शांति फार्म हाउस पर आयोजित कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया