राेहतक : बीए फाइनल छात्र की चाकू से गोदकर हत्या, तीन दिन से लापता था छात्र
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी, बहुअकबर पुर थाना क्षेत्र में झाडियों में मिला शव
रोहतक, 23 फ़रवरी (हि.स.)। थाना बहुअकबर पुर क्षेत्र में बीए फाइनल के छात्र की हत्या का मामला सामने आया है। छात्र गांव सिंहपुरा का रहने वाला था और तीन दिन पहले घर से गाड़ी लेकर गया था, लेकिन उसका पता नहीं चल पा रहा था। मृतक के गले व गर्दन पर तेजधार हथियार के निशान मिले है, जिससे आशांका जताई जा रही है कि चाकू से रेतकार छात्र की हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव सिंहपुरा निवासी बीए फाइनल छात्र विकास तीन दिन पहले घर से कार लेकर निकला था, लेकिन वह वापिस नहीं लौटा। परिजनों ने कई जगहों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसके बारे में कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई और अपने स्तर पर भी तलाश में जुट गए। सोमवार को राहगीरों ने झाडियों में एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की शिनख्त गांव सिंहपुरा निवासी छात्र विकास के रुप में हुई, परिजनों ने भी मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त अपने बेटे के रुप में की। डीएसपी ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया और इस बारे में आसपास के लोगों से भी पता किया, लेकिन हमलावरों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

