home page

आयुष्मान-चिरायु कार्ड के मुद्दे पर विधानसभा से कांग्रेस ने किया वाकआउट

 | 

चंडीगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। हरियाणा आयुष्मान भारत और चिरायु हरियाणा योजना के तहत निजी अस्पतालों में गरीबों के लोगों के उपचार नहीं होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायकों ने जमकर हंगामा किया। सोमवार को विधानसभा में तीखी बहस हुई। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ कांग्रेस विधायकों अशोक अरोड़ा, बीबी बत्रा और गीता भुक्कल ने योजना के तहत गरीबों का इलाज नहीं होने का दावा किया तो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आंकड़ों के साथ आरोपों को नकार दिया। जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन से वाकआउट कर दिया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुद्दा उठाकर सदन से भागना विपक्ष की आदत बन गई है।

कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि आयुष्मान-चिरायु योजना के तहत पैनल में शामिल निजी अस्पतालों ने प्रतिपूर्ति राशि नहीं मिलने के कारण कई स्वास्थ्य सेवाओं को बंद कर दिया है। इससे लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। जवाब में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि हरियाणा में करीब 38 लाख परिवार इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो अस्पताल पैनल में थे, उनमें से कुछ में खामियां थीं। इसलिए उन्हें पैनल से हटाया गया है। सरकार के पास 784 अस्पताल सूचीबद्ध हैं। कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने आरोप लगाया कि लैप्रोस्कोपी जैसे आपरेशन आपने लिस्ट से ही डिलीट कर दिए। ऐसे उदाहरण हैं कि 70-70 लाख रुपये का बकाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा