हरियाणा के आयुष संस्थानों को प्रशिक्षण के लिए मिली 36 लाख की सहायता
-अनुसंधान व क्षमता निर्माण पर केंद्र का जोर
चंडीगढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा से राज्यसभा सांसद संजय भाटिया द्वारा सदन में पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्र सरकार ने हरियाणा में आयुष अनुसंधान, चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चल रही योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा जारी किया है। इससे प्रदेश में आयुष सेवाओं के विस्तार और केंद्र से मिलने वाली सहायता की स्थिति भी स्पष्ट हुई।
आयुष मंत्रालय ने बताया कि वर्ष 2021-22 से संचालित केंद्रीय क्षेत्र की 'आयुष्मान' योजना के तहत आयुष चिकित्सा पद्धति को अनुसंधान, शिक्षा, क्षमता निर्माण और नवाचार के माध्यम से मजबूत किया जा रहा है। इसी योजना के अंतर्गत हरियाणा के आयुष संस्थानों में छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के लिए 36 लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है।इसका उद्देश्य आयुष चिकित्सकों के कौशल विकास और सतत चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देना है।
संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, आयुष मंत्रालय अनुसंधान एवं नवाचार तथा आयुर्वेद जीव विज्ञान एकीकृत स्वास्थ्य अनुसंधान जैसे कार्यक्रमों पर भी काम कर रहा है। मंत्रालय ने बताया कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद और आयुष मंत्रालय के बीच हुए समझौते के बाद एनीमिया के उपचार पर बहु-केंद्रीय नैदानिक अध्ययन पूरा किया गया, जिसमें एम्स नई दिल्ली की बल्लभगढ़ इकाई भी अध्ययन केंद्र रही।
हालांकि, हरियाणा में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान अथवा आयुष उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
केंद्र सरकार ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में आयुष सेवाओं का सह-स्थापन किया जा रहा है, ताकि लोगों को एलोपैथी के साथ आयुष आधारित एकीकृत स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध हो सकें।
संजय भाटिया ने कहा कि संसद में स्वास्थ्य, शिक्षा, अनुसंधान और जनकल्याण से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता है। उनके अनुसार, केंद्र सरकार से प्राप्त विस्तृत जानकारी से योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जनता तक उनकी वास्तविक स्थिति पहुंचाने में मदद मिलती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

