हांसी : धरने पर बैठे ग्रामीणों ने किया भाखड़ा पाइपलाइन उखाड़ने का प्रयास
असफल रहने पर ढाई
घंटे तक किया हांसी-बरवाला रोड जाम
हथौड़े और रॉड लेकर
पहुंचे ग्रामीण
हांसी, 01 जून
(हि.स.)। भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन से गांव को पानी का कनेक्शन देने की मांग पर चानौत
गांव में चल रहा आंदोलन सोमवार को उग्र हो गया। ग्रामीणों ने गांव से गुजर रही राजली-हांसी
पेयजल पाइपलाइन को उखाड़ने का प्रयास किया लेकिन पाइप लाइन तोड़ने में नाकामयाब रहने
पर ग्रामीणों ने हांसी-बरवाला रोड पर जन स्वास्थ्य विभाग के बड़े बड़े पाइप रख कर जाम
लगा दिया। जाम के दौरान करीब ढाई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा वहीं पुलिस ने जाम के
दौरान वैकल्पिक रास्तों पर वाहनों को भेजा।
बता दें कि पिछले
17 दिनों से धरने पर बैठे चानौत के ग्रामीणों ने प्रशासन को पहले ही चेतावनी दे रखी
थी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वे भाखड़ा से हांसी शहर को जाने वाली पाइपलाइन
उखाड़ने को उखाड़ देंगे। चेतावनी के अनुसार धरने पर बैठे काफी संख्या में ग्रामीण सोमवार
दोपहर करीब डेढ़ बजे हथौड़े और लोहे की रॉड लेकर पाइपलाइन स्थल पर पहुंचे और बिछाई
जा रही पाइप लाइन को तोड़ने का प्रयास किया, हालांकि पाइपलाइन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा
सके। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने हांसी बरवाला रोड पर पहुंच वहां पड़े पाइपों को सड़क
पर रखकर जाम लगा दिया।
उधर ग्रामीणों द्वारा
सड़क जाम किए जाने की सूचना मिलते ही एसडीएम राजेश खोथ, डीएसपी रविंद्र सांगवान, सदर
थाना प्रभारी सदानंद अन्य प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे
और रोड जाम कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया।
धरना कमेटी और प्रशासनिक
अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन मंगलवार तक के लिए स्थगित
करने का फैसला लिया। इसके बाद करीब ढाई घंटे बाद हांसी-बरवाला रोड पर यातायात सामान्य
हो सका। ग्रामीणों का कहना
है कि जब राजली-हांसी पेयजल पाइपलाइन उनके गांव से होकर गुजर रही है तो चानौत को भी
इससे पेयजल कनेक्शन दिया जाना चाहिए। प्रशासन
का कहना है कि यह परियोजना विशेष रूप से हांसी शहर की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के
लिए तैयार की गई है और वर्तमान योजना में चानौत गांव को इससे जोड़ने का कोई प्रावधान
नहीं है।
क्या है राजली-हांसी
पेयजल पाइपलाइन परियोजना?
राजली-हांसी पेयजल
पाइपलाइन परियोजना के तहत बरवाला के गांव राजली स्थित भाखड़ा हेड से हांसी शहर तक लगभग
30 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। करीब 80 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना
केंद्र सरकार की अमृत योजना के तहत संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य हांसी शहर
में बढ़ती पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करना है। फिलहाल पाइपलाइन निर्माण कार्य राजली
से चानौत गांव तक पहुंच चुका है और आगे इसे हांसी तक ले जाया जाना है। इसी बीच चानौत
गांव ग्रामीणों द्वारा कनेक्शन देने की मांग पर आंदोलन शुरू किए जाने के बाद से विवाद
गहराता रहा है। अब सभी की मंगलवार को होने वाली अगली वार्ता और प्रशासन के रुख पर टिकी
हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

